NEXT 26 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के आडसर बास क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। गोलछा के घर के पास शाम करीब 6:30 बजे मालचंद तातेड़ अपने दुपहिया वाहन से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चाइनीज डोर उनके गले में लिपट गई, जिससे उनका गला बुरी तरह कट गया।
तातेड़ ने तुरंत वाहन रोका और डोर हटाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनका हाथ भी कट गया। संतुलन बिगड़ने से दुपहिया फिसल गया, जिससे उनके पैरों में भी चोट आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे बंशी स्वामी ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपनी एम्बुलेंस में बैठाया और राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। तातेड़ के गले में तीन टांके लगाए गए हैं।
गनीमत रही कि वाहन की रफ्तार कम थी, वरना हादसा जानलेवा हो सकता था। घटना के बाद चाइनीज मांझे को लेकर लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।




















