NEXT 27 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में रास्ता रोककर एक युवक पर जानलेवा हमला करने और नकदी व मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने न्यायालय में इस्तगासा दायर कर न्याय की गुहार लगाई गई है।
घटना का पूरा मामला
कल्याणसर पुराना निवासी मुनीराम पुत्र बीरबल राम जाट ने न्यायालय में प्रस्तुत इस्तगासे में बताया कि 22 मार्च 2026 को उसका भाई रामनिवास बोलेरो गाड़ी से पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर गांव लौट रहा था। उसके साथ शिवकरण और बाबूलाल भी मौजूद थे।
रास्ते में लिखमीसर उतरादा और दिखणादा के बीच आरोपी सांवरमल पुत्र अमराराम जाट निवासी लिखमीसर दिखानादा अपने भाइयों प्रहलाद, परमेश्वर और माँ के साथ दो गाड़ियों से आया और रास्ता रोक लिया। इसके बाद सभी आरोपी गाली-गलौच करते हुए रामनिवास और उसके साथियों के साथ मारपीट करने लगे।
लाठियों और सरियों से बेरहमी से पीटा
इस्तगासे के अनुसार, सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी रामनिवास को जमीन पर गिराकर लाठियों और सरियों से बुरी तरह पीट रहे थे। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं।
₹35 हजार और दो मोबाइल छीनने का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने रामनिवास की जेब में रखे 35 हजार रुपए और दो मोबाइल फोन भी छीन लिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने की बात कही गई है।
न्यायालय की शरण में पहुंचा पीड़ित पक्ष
अब पीड़ित ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीडूंगरगढ़ के समक्ष इस्तगासा पेश किया है। इसमें आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की मांग की गई है।




















