जर्जर पोल गिरने से ठप हुई सप्लाई; रात 1:30 बजे बहाल, जताया आभार
NEXT 30 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में बिजली संकट से जूझ रहे सातलेरा के ग्रामीणों को करीब 25 घंटे बाद राहत मिली। सातलेरा जीएसएस की विद्युत आपूर्ति देर रात करीब 1:30 बजे बहाल हो सकी। लंबे समय तक बिजली बंद रहने से आम जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं शादी वाले घरों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के पोल पहले से ही जर्जर हालत में थे। खेत मालिक व होटल व्यवसायी लालाराम ने कहा कि इस संबंध में विभाग को कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर पहले ही ध्यान दिया जाता तो इतनी बड़ी समस्या नहीं होती।
उन्होंने बताया कि पोल गिरने के बाद भी करीब 10 मिनट तक बिजली चालू रही, जो बड़ा खतरा बन सकता था। गनीमत रही कि तार जमीन से नहीं टकराए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों ने कहा कि गांव की गलियों में भी जर्जर विद्युत केबल लटक रही है, जो कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के चलते दो बार बड़े हादसे होते-होते बचे हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
हालांकि, ग्रामीणों ने विभाग के कर्मचारियों का आभार जताया, जिन्होंने देर रात तक मेहनत कर बिजली आपूर्ति बहाल की।




















