16 मई से शुरू होगा पहला चरण, मकान सूचीकरण व गणना का कार्य; अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस
NEXT 30 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान में 16 मई से 14 जून 2026 तक होने वाली जनगणना के प्रथम चरण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ चार्ज क्षेत्र में नियुक्त कार्मिकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार सेसोमू गर्ल्स कॉलेज में शुरू हुआ।

यह प्रशिक्षण 30 अप्रैल से 2 मई तक आयोजित किया जाएगा। इसमें जनगणना निदेशालय राजस्थान द्वारा जारी मैनुअल के आधार पर फील्ड ट्रेनर्स कार्मिकों को मकान सूचीकरण और मकानों की गणना से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।
चार्ज जनगणना अधिकारी श्रीवर्द्धन शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसमें सभी कार्मिकों को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने 1 मई से शुरू होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
पहले दिन 156 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। वहीं अनुपस्थित रहे प्रगणकों को चार्ज अधिकारी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि इस बार देश में 16वीं और स्वतंत्र भारत की 8वीं जनगणना आयोजित की जा रही है, जिसमें पहले चरण में मकानों का सर्वे किया जाएगा।























