NEXT 2 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां चलती बस में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे नीचे फेंक दिया गया। गंभीर हालत में युवक को पहले श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल और बाद में बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां वह कोमा में है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, आडसर पुरोहितान निवासी जगदीश पुत्र मालाराम नायक ने रिपोर्ट दी कि उसका बड़ा भाई हड़मान (42) 30 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे बस नंबर RJ14 PD 9154 से अपनी पुत्री के ससुराल गुसाईंसर बड़ा जा रहा था। इसी दौरान बस में सवार धीरदेसर पुरोहितान के ही चार लोगों सुभाष पुत्र रामेश्वर मेघवाल, नेतराम पुत्र जालूराम मेघवाल, सहीराम पुत्र रेवंतराम मेघवाल और किसनाराम पुत्र रूपाराम मेघवाल ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपियों ने पहले बस के अंदर ही मुक्कों-लातों से जमकर मारपीट की। आरोप है कि नेतराम ने हड़मान के संवेदनशील अंग पर जोरदार लात मारी, जिससे उसे गंभीर चोट आई। इसके बाद आरोपियों ने उसे पकड़कर सीट से दे मारा, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट लगी।
चलती बस से फेंका, कुचलने की भी दी धमकी
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने युवक को जान से मारने की नीयत से बस के गेट तक घसीटा और चलती बस से नीचे फेंक दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसे बस के नीचे कुचलने की भी धमकी दी। घटना के समय बस में मौजूद एक अन्य यात्री नोपाराम को भी धमकाया गया, जिससे वह डर गया और तुरंत जानकारी नहीं दे सका।
पीबीएम में भर्ती, हालत गंभीर
घटना के बाद घायल को पहले श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां से उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह कोमा में है।
चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस थाना श्रीडूंगरगढ़ में पीड़ित के भाई की रिपोर्ट पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक पवन कुमार शर्मा को सौंपी गई है।




















