NEXT 11 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान मेगा ट्रेड फेयर मेले में दुकान लगाने पहुंचे रतनगढ़ के दुकानदारों ने मेला संचालकों पर मारपीट, धमकी और करीब 11 लाख रुपए का सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। मामले में परिवादी धर्मचंद खटीक ने एडवोकेट साजिद खान के मार्फत अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीडूंगरगढ़ न्यायालय में परिवाद पेश कर कार्रवाई की मांग की है।
परिवाद के अनुसार रतनगढ़ निवासी धर्मचंद खटीक मेले में दुकानों का संचालन करता है और उसके साथ अन्य दुकानदार भी कार्य करते हैं। आरोप है कि मेले के अध्यक्ष सुनील शर्मा, रतनगढ़ और मैनेजर मनमोहन शर्मा, चुरू ने मार्च 2026 में श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित मेले में दुकान लगाने के लिए बुलाया था। दुकानदारों के अनुसार प्रतिदिन 500 रुपए किराया तय हुआ था और पुराने बकाया का हिसाब बाद में करने की बात कही गई थी।
9 दिन देरी से शुरू हुआ मेला, बढ़ा खर्च
परिवाद में बताया गया कि दुकानदार 5 मार्च को श्रीडूंगरगढ़ पहुंच गए, जबकि मेला 10 मार्च के बजाय 19 मार्च को शुरू किया गया। इससे दुकानदारों का अतिरिक्त खर्च बढ़ गया। मेला समाप्त होने के बाद जब हिसाब किया गया तो कथित रूप से 700 से 800 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से राशि काटी गई, जिसका दुकानदारों ने विरोध किया।
विरोध करने पर मारपीट और गालियां देने का आरोप
परिवादी ने आरोप लगाया कि 15 अप्रैल को हिसाब-किताब को लेकर बातचीत करने पहुंचे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और दुकानों में रखा सामान रोक लिया। साथ ही धमकी दी कि पैसे दिए बिना सामान नहीं ले जाने देंगे।
रात में सामान ले जाने का आरोप, वीडियो बनाने का दावा
परिवाद के अनुसार 19 अप्रैल की रात परिवादी के भांजे किशन और अन्य दुकानदारों ने रावण ताल मैदान में देखा कि दुकानों में रखा सामान वाहन में भरकर ले जाया जा रहा था। रोकने पर आरोपियों ने कथित रूप से कहा कि सामान बेचकर पैसे वसूले जाएंगे। परिवादी पक्ष ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड करने का दावा भी किया है।



















