विधायक ताराचंद सारस्वत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी का जताया आभार
NEXT 13 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित वृहद पेयजल परियोजना को बड़ी प्रशासनिक सौगात मिली है। जिला कलेक्टर बीकानेर द्वारा जारी आदेश के अनुसार श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में करीब 76 हेक्टेयर बारानी भूमि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की वृहद पेयजल परियोजना के लिए नि:शुल्क आवंटित की गई है। इस भूमि पर पानी का रिजर्व डेम बनाया जाएगा।

विधायक ताराचंद सारस्वत ने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और राजस्थान सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए गंभीरता और संवेदनशीलता से कार्य कर रही है।
सारस्वत ने बताया कि हाल ही में परियोजना के लिए 40 क्यूसेक पानी की स्वीकृति, मोघों की मंजूरी तथा इंदिरा गांधी नहर विभाग जयपुर से प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करवाई गई थीं। अब भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने से परियोजना को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान और आमजन के हित में लगातार कार्य कर रही है। आने वाले समय में यह वृहद पेयजल परियोजना श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
इस दौरान विधायक ने जिला कलेक्टर निशांत जैन से स्वीकृति पत्र प्राप्त कर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।



















