कहा- अघोषित बिजली कटौती बंद हो, बंद पड़े ट्यूबवेल और जली मोटरें तुरंत हों दुरुस्त
NEXT 3 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बिजली और पेयजल संकट को लेकर शहर कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचे और उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया।

ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र के कई नलकूप बंद पड़े हैं तथा अनेक मोटरें जल जाने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि बंद पड़े ट्यूबवेलों और जली हुई मोटरों को तुरंत दुरुस्त किया जाए तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती एवं बार-बार हो रही ट्रिपिंग से आमजन और किसान परेशान हैं। समय पर बिजली नहीं मिलने से किसानों का बुवाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने मौके पर संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए और समस्याओं के समाधान के लिए रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आमजन के हित में आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश गुरावा, नगरपालिका प्रतिपक्ष नेता अंजू पारख, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राधेश्याम सारस्वत, कन्हैयालाल सोमानी, सोहनलाल नैन, विमल भाटी, सत्यनारायण जाट, मनोज पारख, देवकिशन जोशी, नौरतन पुरोहित, मूलचंद स्वामी, हीरालाल कूकना, सुरेंद्र महावर, रमेश बासनीवाल, रामचंद्र छापोला, राजू माली, रमेश प्रजापत, कालूराम बाना, मुंशी टेलर, रामकिशोर गोदारा, मूलचंद सारस्वत, भागूराम सारण, राजाराम गोदारा, राजेश मंडा, सोहनलाल महिया, अयूब खान दमामी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















