सातलेरा की रोही में भारी नुकसान; कई पेड़ उखड़े, कृषि फीडरों की बिजली आपूर्ति दूसरे दिन भी ठप
NEXT 8 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। अंचल में लगातार दूसरे दिन आए तूफान और बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। शनिवार शाम के बाद रविवार रात करीब 9 बजे आए तेज तूफान ने गांव सातलेरा की रोही में बिजली तंत्र और किसानों की संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचाया। कई बिजली पोल टूट गए, पेड़ धराशायी हो गए और सार्वजनिक कुएं का जर्जर स्विच रूम भी भरभराकर गिर गया।

श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में धोलिया फीडर का टॉवर गिरकर धराशायी हो गया, जिसके कारण आधा कस्बा रविवार शाम से अब तक बिजली की मार झेल रहा है और जरूरत के सारे काम अधर में रह गए हैं। एईएन चंद्रेश यादव ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक विद्युत सप्लाई शुरू हो जाएगी।
किसान देवी सिंह राठौड़ ने बताया कि तेज आंधी के दौरान उनके खेत में लगी कैंची ट्रांसफार्मर सहित बिजली लाइन टूटकर जमीन पर गिर गई। लाइन के कई पोल भी धराशायी हो गए। उनके खेत में चार बिजली पोल पूरी तरह टूट गए, जबकि अन्य कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
वहीं किसान गौरी शंकर तावणियां ने बताया कि तेज हवा और बारिश के कारण बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए। उनके खेत में कई पेड़ टूट गए तथा अनेक पेड़ों की टहनियां जमीन पर बिखर गईं। खेत की तारबंदी भी क्षतिग्रस्त हो गई। कई पेड़ झुककर गिरने की स्थिति में खड़े हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई खेतों में पांच से दस पेड़ तक धराशायी हो गए हैं।
26 घंटे बाद गांव में आई बिजली, कृषि फीडर अब भी बंद
तूफान का सबसे ज्यादा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। सातलेरा गांव की रोही में शनिवार दोपहर बाद से सभी कृषि फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद पड़ी है। हालांकि गांव की घरेलू बिजली आपूर्ति रविवार शाम करीब 26 घंटे बाद बहाल कर दी गई, लेकिन कृषि कुओं की बिजली अब तक शुरू नहीं हो सकी है। इससे किसानों को सिंचाई संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने विद्युत विभाग से जल्द मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
उपयोग में नहीं था स्विच रूम, टला बड़ा हादसा
सार्वजनिक कुएं का वर्षों पुराना जर्जर स्विच रूम भी तूफान की मार नहीं झेल पाया और ढह गया। स्विच रूम गिरने से उसकी पट्टियां टूट गईं। राहत की बात यह रही कि भवन लंबे समय से अनुपयोगी था, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह स्विच रूम उपयोग में होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
लगातार दूसरे दिन आए तूफान से क्षेत्र में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। बिजली लाइनों, पेड़ों और खेतों की तारबंदी को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
निकटवर्ती गांव तोलियासर में भी गत रात्रि विद्युत कटौती की मार ग्रामीणों को झेलनी पड़ी। 33 केवी जीएसएस को दुरस्त करने के बाद देर रात विद्युत सप्लाई सुचारू हुई।

























