एसडीएम शुभम शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक, विभिन्न विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां
NEXT 8 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के वीसी कक्ष में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसडीएम शर्मा ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि योग दिवस कार्यक्रम को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखकर जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में आयोजित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ सकें।
राजकुमार बिश्नोई ने बताया कि बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों को उनकी भूमिका और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों को समय पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, बैठक व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, प्रचार-प्रसार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विभागवार दायित्व तय किए गए।
बैठक में बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ब्लॉक मुख्यालय पर ब्लॉक स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन तथा आमजन भाग लेंगे।
एसडीएम शर्मा ने कहा कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग दिवस के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा कार्यक्रम में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सभी विभागों ने अपने-अपने स्तर पर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का भरोसा दिलाया। अंत में अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया।





















