NEXT 13 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के तहत आयुष मंत्रालय की ओर से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य से कल 14 जून को विशेष ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों, योगाभ्यासियों तथा आमजन से इसमें सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह ऑनलाइन योग सत्र 14 जून को सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयुष मंत्रालय के यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन आयुष मंत्रालय और हैबिल्ड हेल्थ टेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
प्रशासन ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को टोल फ्री नंबर 18003157008 पर पंजीकरण करवाना होगा। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को अपने व्यक्तिगत मोबाइल, लैपटॉप या अन्य डिवाइस से अलग-अलग लॉग-इन करना आवश्यक होगा। प्रत्येक डिवाइस को रिकॉर्ड के लिए एक अलग प्रतिभागी के रूप में गिना जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाकर ऑनलाइन योग सत्र से जुड़ने का आह्वान किया है, ताकि इस राष्ट्रीय पहल में राजस्थान की उल्लेखनीय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।




















