NEXT 22 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ उपखंड क्षेत्र के तोलियासर गांव में सोमवार को ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए मौके पर ही कार्रवाई की। शिविर का निरीक्षण राजस्थान विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार और विधायक ताराचंद सारस्वत ने किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक सारस्वत और बोर्ड अध्यक्ष सुथार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक लोगों को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि अंतिम प्रकरण के निस्तारण तक अधिकारी शिविर में मौजूद रहकर आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी ली।
शिविर में विद्युत, जलदाय, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, तहसीलदार श्रीवर्धन शर्मा, विकास अधिकारी मनोज धायल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शिविर में उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
कल जिले की 18 ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत मंगलवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू के अनुसार बीकानेर के स्वरूपदेसर और लालमदेसर, लूणकरणसर के महाजन और शेरपुरा, श्रीडूंगरगढ़ के ठुकरियासर और लिखमादेसर, कोलायत-हदां के सियाणा बड़ा और भेलू, बज्जू के फूलासर छोटा और गौडू, पूगल के 2-एडीएम, छत्तरगढ़ के रामनगर, खाजूवाला के 14-बीडी तथा नोखा क्षेत्र के बीकासर, काहिरा, मोरखाणा और लालमदेसर छोटा में शिविर लगाए जाएंगे।




















