NEXT 2 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कस्बे के कालूबास के वार्ड संख्या 1 व 2 (अंबेडकर कॉलोनी) में पेयजल संकट गहराने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नियमित समय पर पानी नहीं मिलने और कई बार बिना सूचना के जलापूर्ति बंद किए जाने से नाराज क्षेत्रवासियों की ओर से तारा सिंह ओड ने उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की। वहीं जिला कलेक्टर बीकानेर को भी डाक के माध्यम से शिकायत भेजी गई है।
तारासिंह ओड, संदीप भारतीय, प्रह्लाद, सुरेश, धन्नाराम, श्याम सुंदर, कमल, सुभाष ने ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड में स्थित भोमदासजी बगेची के पास बने वॉटर वर्क्स (ट्यूबवेल) से होने वाली पेयजल आपूर्ति अनियमित है। कई बार देर रात पानी छोड़ा जाता है, जिससे अधिकांश परिवार पानी का संग्रह नहीं कर पाते। वहीं कई बार बिना किसी पूर्व सूचना के सप्लाई बंद कर दी जाती है, जिससे लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ता है।
तारा सिंह ओड ने आरोप लगाया कि जलदाय विभाग के संबंधित कर्मचारी एवं ठेकेदार की लापरवाही के कारण लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
दोषियों पर कार्रवाई और नियमित सप्लाई की मांग
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही वार्ड संख्या 1 व 2, अंबेडकर कॉलोनी, कालूबास में नियमित, समयबद्ध और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।



















