स्थानांतरण आदेश के ‘विशेष विवरण’ कॉलम में रह गई बड़ी लिपिकीय त्रुटि, सोशल मीडिया पर जमकर शेयर हो रही सूची
NEXT 10 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) की ओर से 8 जुलाई को जारी आईटी कार्मिकों की स्थानांतरण सूची में हुई एक लिपिकीय गलती पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है। आदेश के ‘विशेष विवरण’ कॉलम में दर्ज एक आपत्तिजनक टाइपिंग त्रुटि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

विभाग द्वारा राजस्थान कम्प्यूटर राज्य/अधीनस्थ सेवा एवं मंत्रालयिक सेवा संवर्ग के आईटी कार्मिकों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन आदेश जारी किए गए थे। सूची के पेज नंबर 42 पर क्रम संख्या 367 में सूचना सहायक रिचा गुरावा का स्थानांतरण बीसीएमओ कार्यालय, चिड़ावा से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग, जयपुर किया गया है।
हालांकि, इस आदेश के ‘विशेष विवरण’ कॉलम में “रिक्त पद पर MLA KA O KHATAM KERNE K LIYE” लिखा होने से मामला सुर्खियों में आ गया। माना जा रहा है कि यह ड्राफ्ट तैयार करने या टाइपिंग के दौरान हुई लिपिकीय त्रुटि है, जो अंतिम आदेश में भी रह गई।
आदेश सामने आने के बाद इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।



















