NEXT 11 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने शुक्रवार देर रात बड़े स्तर पर स्थानांतरण एवं पदस्थापन आदेश जारी किए। विभाग ने प्रदेशभर में विकास अधिकारियों (बीडीओ), सहायक अभियंताओं (एईएन) और कनिष्ठ अभियंताओं (जेईएन) सहित सैंकड़ों अधिकारियों के तबादले किए हैं। हालांकि, श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति में विकास अधिकारी और अभियंताओं के स्तर पर कोई बदलाव नहीं किया गया, जिससे स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था पूर्ववत बनी रहेगी।
तबादला सूची में जिला परिषद स्तर पर भी फेरबदल किया गया है। जिला परिषद के दो अधीक्षण अभियंताओं का स्थानांतरण किया गया है।
वहीं, लेखा सेवा में श्रीडूंगरगढ़ को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। यहां कार्यरत लेखाधिकारी संदीप पांडिया का स्थानांतरण राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर में किया गया है।
इसके अलावा सहायक लेखाधिकारी पंकज चन्द्र शाह को बीसीएमओ कार्यालय, श्रीडूंगरगढ़ से पंचायत समिति, श्रीडूंगरगढ़ में पदस्थापित किया गया है। वहीं सहायक लेखाधिकारी-2 किशोर तरड़ को वन विभाग, बीकानेर से स्थानांतरित कर पंचायत समिति, श्रीडूंगरगढ़ में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
देर रात जारी इस तबादला सूची के बाद प्रदेशभर में अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। हालांकि, श्रीडूंगरगढ़ में विकास कार्यों की कमान संभाल रहे विकास अधिकारी एवं अभियंताओं के पदों पर कोई बदलाव नहीं होने से इन व्यवस्थाओं में निरंतरता बनी रहेगी, जबकि पंचायत समिति की लेखा शाखा में नए अधिकारियों की नियुक्ति से प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।



















