75वें स्थापना वर्ष के समापन समारोह में उपराष्ट्रपति करेंगे सम्मानित, बीकानेर के अन्य वरिष्ठ विधायकों को भी मिलेगा सम्मान
NEXT 15 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजस्थान विधानसभा के 75वें स्थापना वर्ष पर आयोजित अमृत महोत्सव में श्रीडूंगरगढ़ के लिए गौरव का क्षण आने वाला है। क्षेत्र का तीन बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा को आज उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान को श्रीडूंगरगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे बीकानेर जिले के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
राजस्थान विधानसभा की 75 वर्षों की लोकतांत्रिक यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष समारोह का समापन भव्य आयोजन के साथ होगा। समापन समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति वरिष्ठ एवं पूर्व विधायकों का सम्मान करेंगे। वहीं उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
राजस्थान विधानसभा देश की पहली विधानसभा है, जो अपने 75वें स्थापना वर्ष पर अमृत महोत्सव का आयोजन कर रही है। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा। बीकानेर जिले के कई पूर्व एवं वरिष्ठ विधायकों के साथ पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा का सम्मान क्षेत्र के राजनीतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सम्मान उनके जनसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लंबे योगदान का प्रतीक होगा।




















