NEXT 31 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीदासरिया में विषयानुसार शिक्षकों और स्थायी शैक्षणिक पदों की स्वीकृति की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र स्थायी पद स्वीकृत कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि विद्यालय उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत होने के बाद भी लंबे समय से विषयवार शिक्षकों के पद स्वीकृत नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हाल ही में इस मांग को लेकर विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने दो दिन तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया था। आंदोलन के बाद शिक्षा विभाग ने पूरे शैक्षणिक सत्र के लिए पांच शिक्षकों की अस्थायी व्यवस्था का आश्वासन दिया, लेकिन स्थायी पदों की स्वीकृति अब भी लंबित है।
सामाजिक कार्यकर्ता सोहनलाल मेघवाल ने कहा कि गांव के विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति जरूरी है। केवल अस्थायी व्यवस्था से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने मंत्री से जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच राजूराम घणघस, वार्ड पंच श्रवण कुमार लूखा, तोलाराम मेघवाल, विशाल सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि मंत्री के हस्तक्षेप से विद्यालय में स्थायी शैक्षणिक पदों की स्वीकृति का मार्ग जल्द प्रशस्त होगा।































