NEXT 2 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। विधायक ताराचंद सारस्वत आज रविवार को विधानसभा क्षेत्र के बेनीसर और दुसारणा में करीब 3.41 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें नए ग्रिड सब स्टेशन, सड़क निर्माण और पेयजल के लिए ट्यूबवेल जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक शाम 5 बजे बेनीसर (हेमासर फांटा) पहुंचकर 2.10 करोड़ रुपए की लागत से बने नवीन ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद 1.05 करोड़ रुपए की लागत से तैयार बेनीसर-दुलचासर 3 किलोमीटर सड़क का भी लोकार्पण करेंगे। इन दोनों परियोजनाओं से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति और आवागमन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इसके बाद शाम 6 बजे विधायक दुसारणा पहुंचेंगे, जहां श्री कृष्णा गोशाला के पास 26.26 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नवीन ट्यूबवेल का शिलान्यास करेंगे। ट्यूबवेल बनने के बाद क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था में सुधार होने और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक सारस्वत ने क्षेत्रवासियों से दोनों कार्यक्रमों में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और जनहित के विकास कार्य उनकी प्राथमिकता हैं।






























