NEXT 2 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। भारतीय स्मार्ट मोबिलिटी एवं रोड सेफ्टी स्टार्टअप ईको भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाते हुए आर्मेनिया में आयोजित सीसाइड स्टार्टअप समिट-2026 में दुनिया के टॉप-10 ‘मोस्ट इनोवेटिव स्टार्टअप’ फाइनलिस्ट्स में स्थान बनाया है। 72 देशों के 1000 से अधिक स्टार्टअप्स के बीच मिली इस उपलब्धि ने भारत और राजस्थान का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।

समिट में भारत के कई स्टार्टअप्स ने हिस्सा लिया, लेकिन iStart राजस्थान की ओर से चयनित ईको भारत एकमात्र स्टार्टअप रहा। वहीं, दुनिया के टॉप-10 फाइनलिस्ट्स में जगह बनाने वाले भारत के केवल दो स्टार्टअप्स में भी ईको भारत शामिल रहा। इस उपलब्धि को भारतीय स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
समिट के दौरान आयोजित वर्ल्ड मेंटर स्टेज पर ईको भारत की क्यूआर कोड और आरएफआईडी आधारित इमरजेंसी रिस्पॉन्स तकनीक की विशेष सराहना की गई। अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और वैश्विक मेंटर्स ने इस तकनीक को सड़क सुरक्षा और मानव जीवन बचाने की दिशा में प्रभावी नवाचार बताया।
ईको भारत के संस्थापक संपत सारस्वत बामनवाली ने कहा कि 72 देशों के स्टार्टअप्स के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करना और टॉप-10 फाइनलिस्ट्स में जगह बनाना उनके लिए बेहद गर्व और भावुक क्षण है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर मिली सराहना ने साबित कर दिया है कि ईको भारत अब केवल राष्ट्रीय पहल नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बन चुका है।
उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के बाद ईको भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों, वैश्विक निवेशकों और विदेशी बाजारों में विस्तार के नए अवसर खुलेंगे। इससे सड़क सुरक्षा से जुड़े उनके नवाचार को दुनिया के अधिक देशों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
ईको भारत, मेको इनोवेक्स सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड के तहत संचालित एक स्मार्ट मोबिलिटी और रोड सेफ्टी प्लेटफॉर्म है, जो डिजिटल तकनीक, क्यूआर सुरक्षा और आरएफआईडी सिस्टम के माध्यम से सड़क सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।































