NEXT 3 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। विधानसभा क्षेत्र के बेनीसर और दुसारणा गांव में रविवार को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इस दौरान विधायक ताराचंद सारस्वत का ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर, पुष्पवर्षा कर और साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया। दोनों गांवों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी से कार्यक्रम उत्सव में बदल गया।

बेनीसर (हेमासर फांटा) में विधायक ने ₹2.10 करोड़ की लागत से बने नवीन ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का लोकार्पण किया। इसके साथ ही ₹1.05 करोड़ की लागत से निर्मित बेनीसर-दुलचासर तीन किलोमीटर सड़क का भी लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ होगी और सड़क संपर्क बेहतर होने से किसानों व ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
इसके बाद दुसारणा स्थित श्रीकृष्ण गोशाला के पास ₹26.26 लाख की लागत से बनने वाले नवीन ट्यूबवेल का शिलान्यास किया गया। विधायक ने कहा कि ट्यूबवेल बनने से क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को पर्याप्त जलापूर्ति मिल सकेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सारस्वत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी विकास कार्यों की गति इसी तरह जारी रहेगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमनाथ जाखड़, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह, राधेश्याम दर्जी, मांगीलाल गोदारा, भागीरथ सिंह, नौरंग नाथ, मोहन नाथ, लक्ष्मीनारायण सेवग, राजू सिंह राजपुरोहित, पृथ्वीराज राजपुरोहित, राजेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बेनीसर में मोहन नाथ सिद्ध, देवनाथ सिद्ध, उत्तम नाथ सिद्ध, भूमि दानदाता सोहनलाल गोदारा, अमरचंद गोदारा, सुगननाथ, लालचंद, श्रवण मेघवाल, किशन, कन्हैयालाल, मदन नाथ सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर विधायक का स्वागत किया। वहीं दुसारणा में अगरसिंह कोटासर, सरपंच संजू कंवर, सरपंच प्रतिनिधि शेर सिंह चौहान, गौशाला अध्यक्ष मोहनराम गोदारा, भूमि दानदाता रूगाराम मुंड, पेमाराम गोदारा, रामप्रताप सारण, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश सारण, मालाराम सुथार, सरवन गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।
विकास कार्यों के दौरान विद्युत विभाग के एक्सईएन, एईएन, जेईएन तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के एईएन, जेईएन सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।























