NEXT 24 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। सोमवार को भाजपा कार्यालय में दिनभर बैठकों का दौर चला। चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। इसके साथ ही वार्ड प्रभारियों की बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन किया गया।

बैठक में वार्डवार संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क और बूथ स्तर की तैयारियों की समीक्षा की गई। वार्ड प्रभारियों से कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं तथा विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। प्राप्त आवेदनों को लेकर भी संगठन स्तर पर चर्चा हुई।
विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
बैठकों के बीच विधायक ताराचंद सारस्वत ने भाजपा कार्यालय में जनसुनवाई की। जोधासर, ऊपनी, कल्याणसर और लखासर सहित विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। विधायक ने समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक सारस्वत ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है। भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच निरंतर संपर्क व संवाद के आधार पर काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
कल पेडीवाल भवन में संगठनात्मक बैठक
भाजपा शहर अध्यक्ष राधेश्याम दर्जी ने बताया कि मंगलवार 25 अगस्त को शाम 5 बजे पेडीवाल भवन में संगठनात्मक बैठक होगी। इसमें आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठन की रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी। दर्जी ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बैठक में समय पर पहुंचने का आह्वान किया।




















