NEXT 29 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका चुनाव की सरगर्मी अब तेज हो गई है। नामांकन के अंतिम चरण में शनिवार को 49 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। उपखंड कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इनमें भाजपा के 19, कांग्रेस के 18, आरएलपी के 4 और 8 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है, ऐसे में राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने का इंतजार दावेदारों की धड़कनें बढ़ा रहा है।

नामांकन प्रक्रिया में शनिवार को कई वार्डों में रोचक तस्वीर सामने आई। अब तक भाजपा प्रत्याशियों द्वारा भाजपा के साथ निर्दलीय पर्चे भरें गए है और एक ही वार्ड में 2-2 प्रत्याशियों ने आवेदन किया है। वार्ड 6 में कमला देवी ने भाजपा के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी पर्चा दाखिल किया। वार्ड 26 में मंजूदेवी ने भी भाजपा और निर्दलीय दोनों नामांकन किए। वार्ड 32 में पवन कुमार नाई और लक्ष्मीनारायण तावनियां ने भाजपा के साथ निर्दलीय पर्चा भी भरा। इसी वार्ड से भाजपा के एक अन्य दावेदार भरत सुथार के सोमवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा है।
वार्ड 34 में नरेश कुमार सोनी ने भाजपा और निर्दलीय दोनों के रूप में नामांकन किया। वार्ड 30 में ललित कुमार और रामावतार ने भाजपा से पर्चा दाखिल किया। वार्ड 36 में रजत कुमार आसोपा और उनके पिता अशोक कुमार ने भाजपा से दावेदारी जताई। वहीं वार्ड 38 में मोनिका देवी और सुनीता ने भाजपा से नामांकन किया।
सोमवार को खुलेगा चुनावी तस्वीर का पिटारा
गुरुवार को वार्ड 28 से शंकरलाल जोशी ने भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल किया था। अब रविवार का अवकाश होने के बाद सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन रहेगा। पार्टियों की अधिकृत सूची सामने नहीं आने से कई दावेदार दोहरी रणनीति के साथ मैदान में हैं। पार्टी का टिकट मिलने की उम्मीद के साथ निर्दलीय नामांकन भी दाखिल किया जा रहा है, ताकि टिकट नहीं मिलने की स्थिति में चुनावी मैदान से बाहर न होना पड़े।
सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद श्रीडूंगरगढ़ के चुनावी मैदान में कौन-कौन दावेदार आमने-सामने होंगे, इसकी तस्वीर साफ होगी। इसके बाद नामांकन जांच और नाम वापसी के चरण में भी कई समीकरण बदलने की संभावना है। फिलहाल पार्टियों के टिकट का सस्पेंस और दावेदारों की डबल दावेदारी ने नगरपालिका चुनाव को और रोचक बना दिया है।



















