पहले दिन सिर्फ 1 और दूसरे दिन 49 नामांकन हुए थे, अंतिम दिन उमड़ी प्रत्याशियों की भारी भीड़; जांच और नाम वापसी के बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर
NEXT 31 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका चुनाव-2026 के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सोमवार को प्रत्याशियों की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही उपखंड कार्यालय परिसर में चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों, प्रस्तावकों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। अंतिम दिन 40 वार्डों से 184 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चुनाव शाखा से प्राप्त अधिकृत जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 1 से 20 तक 90 नामांकन पत्र जमा हुए, जबकि वार्ड संख्या 21 से 40 तक 94 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए।
गौरतलब है कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन केवल एक नामांकन पत्र जमा हुआ था, जबकि दूसरे दिन 49 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। अंतिम दिन अचानक बढ़ी भीड़ के साथ तीन दिनों में सभी 40 वार्डों से कुल 234 नामांकन पत्र जमा हो चुके हैं।
हालांकि चुनावी मैदान की अंतिम तस्वीर अभी साफ होना बाकी है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कुछ पर्चे खारिज हो सकते हैं। इसके बाद 3 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने पर प्रत्येक वार्ड में चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की वास्तविक संख्या सामने आएगी।


















