NEXT 9 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगरपालिका चुनाव का प्रचार अब अपने रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। प्रचार थमने से पहले प्रत्याशियों ने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। कहीं नुक्कड़ मुलाकातें हो रही हैं तो कहीं समर्थकों की टोलियों के साथ घर-घर दस्तक दी जा रही है।

वार्ड नंबर 33 में भाजपा प्रत्याशी चंद्रप्रकाश सेठिया ने जनसंपर्क का कुछ ऐसा अंदाज अपनाया कि ‘कमल’ ही चर्चा में आ गया। सेठिया समर्थकों के साथ घर-घर पहुंचे और मतदाताओं को कमल का फूल भेंट करते हुए अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
कमल का फूल हाथ में लेकर मतदाताओं तक पहुंचने का यह तरीका वार्ड में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। चुनावी माहौल में प्रत्याशी का यह अंदाज दिनभर चर्चा में रहा और जनसंपर्क भी चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
प्रचार का समय समाप्त होने में अब ज्यादा वक्त नहीं है, ऐसे में प्रत्याशियों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। अब देखना यह है कि वार्ड 33 में घर-घर पहुंचा ‘कमल’ मतदाताओं के दिल तक कितनी जगह बना पाता है और चुनावी नतीजों में इसका असर कितना दिखाई देता है।





















