NEXT 3 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। प्रदेश में पंचायतीराज चुनावों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग आज शनिवार 3 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करेगा। कार्यक्रम जारी होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो जाएगी। करीब दो महीने तक आचार संहिता रहने की संभावना है। इस दौरान तबादलों पर भी रोक रहेगी।
चार चरणों में हो सकते हैं चुनाव, सरपंच-वार्ड पंच के लिए बैलेट, जिला परिषद व पंचायत समिति में ईवीएम
पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में कराए जाने की संभावना है। सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव बैलेट पेपर से, जबकि पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव ईवीएम से होंगे। चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
1.69 लाख जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे
चुनाव में प्रदेशभर में करीब 1.69 लाख नए पंचायतीराज जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे। इनमें 1403 जिला परिषद सदस्य और 8245 पंचायत समिति सदस्य शामिल हैं। जिला परिषद सदस्य मिलकर 41 जिला प्रमुख, जबकि पंचायत समिति सदस्य 457 प्रधान चुनेंगे।
वहीं प्रदेश की 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच, उपसरपंच और करीब 1.30 लाख वार्ड पंचों के चुनाव होंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही गांवों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो जाएंगी।
41 में से 20 जिला प्रमुख महिलाएं होंगी
आरक्षण के तहत प्रदेश के 41 जिला प्रमुखों में 20 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। खास बात यह है कि बीकानेर संभाग के सभी जिलों में महिला जिला प्रमुख बनेंगी। आयोग की घोषणा के बाद नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की तस्वीर साफ हो जाएगी।



















