NEXT 2 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। नगर पालिका चुनाव 2026 में प्रजापति समाज से निर्वाचित चार पार्षदों के सम्मान में प्रजापति शिक्षा सेवा समिति की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम 4 अक्टूबर रविवार को शाम 5 बजे नानुदेवी स्कूल के पास सरदारशहर रोड स्थित प्रजापति शिक्षा सेवा समिति परिसर में होगा।
समारोह में वार्ड 10 से झंकार देवी प्रजापत, वार्ड 13 से भूरी देवी, वार्ड 20 से रमेश चन्द्र और वार्ड 23 से कैलाश चंद्र को सम्मानित किया जाएगा। झंकार देवी और कैलाश चंद्र निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए हैं, जबकि भूरी देवी और रमेश चंद्र कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते हैं।
प्रजापति शिक्षा सेवा समिति के मंत्री रामचंद्र प्रजापत ने बताया कि समाज के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान करने के साथ उन्हें आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देने के उद्देश्य से कार्यक्रम रखा गया है। समिति ने समाज के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों से समारोह में पहुंचने का आह्वान किया है।



















