NEXT 2 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। माकपा की जिला बीकानेर कमेटी की बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में पार्टी ने जिला परिषद के साथ जिले की सभी पंचायत समितियों में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। इसके लिए गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई।

बैठक में किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खाद-बीज, बिजली-पानी, सिंचाई, फसल के उचित दाम और खराबे के मुआवजे की समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहीं खेत मजदूरों के सामने रोजगार और सम्मानजनक मजदूरी का संकट है। इन मुद्दों को लेकर पार्टी आने वाले दिनों में अभियान तेज करेगी।
महिया बोले- जिले में 80% फसलें नष्ट, अकाल घोषित करे सरकार
पूर्व विधायक कॉमरेड गिरधारी लाल महिया ने बीकानेर जिले में फसल खराबे को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों की करीब 80 प्रतिशत फसलें नष्ट हो गई हैं। समय पर बारिश नहीं होने, पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और नहरी पानी की समय पर आपूर्ति नहीं होने से सिंचित और बारानी दोनों फसलों को नुकसान हुआ है। किसानों को फसल का लागत मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है।
महिया ने सरकार से तत्काल विशेष गिरदावरी करवाकर फसल खराबे का निष्पक्ष आकलन करने और बीकानेर जिले में अकाल घोषित करने की मांग की। उन्होंने प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और सरकारी राहत उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने आगामी चुनावों को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने और स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर जनता को साथ लेकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का निर्णय लिया।



















