पूर्व विधायक गोदारा के नेतृत्व में हुआ कार्यक्रम, चार कांग्रेस पार्षदों की भूमिका और एक नेत्री के बीकानेर जाने की चर्चा
NEXT 3 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली के श्रीडूंगरगढ़ पहुंचने पर कांग्रेस कार्यालय में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन और मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा रही। इसी दौरान नगरपालिका चुनाव के बाद कांग्रेस की अंदरूनी सियासत भी एक बार फिर चर्चा में आ गई।
कार्यकर्ताओं के बीच कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते चार पार्षदों की भूमिका को लेकर चर्चाएं सुनाई दीं। वहीं एक कांग्रेस नेत्री के श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस कार्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने के बजाय सीधे बीकानेर जाने की बात भी स्थानीय सियासी हलके में चर्चा का विषय बनी रही।
डोटासरा के बयान के बाद बढ़ी सरगर्मी
कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी के साथ रहकर खिलाफत करने वालों की भूमिका की जांच कराने की बात कही। उनके इस बयान के बाद श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर चल रही चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया है। अब स्थानीय कांग्रेस में यह चर्चा तेज है कि पार्टी नेतृत्व की ओर से किन लोगों की भूमिका की जांच होती है और आने वाले दिनों में संगठन के स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।
नगरपालिका चुनाव के बाद से ही श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस में पार्षदों की राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं जारी हैं। प्रदेश नेतृत्व के दौरे और डोटासरा के बयान के बाद स्थानीय कांग्रेस की सियासत में आने वाले दिनों में और हलचल देखने को मिल सकती है।



















