NEXT 17 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के गांव सातलेरा से शुक्रवार सुबह भोमियाजी भरोसे पैदल यात्री संघ जयकारों के साथ भव्य जुलूस के रूप में सालासर के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पहले पैदल यात्रियों ने प्रकाश भोमियाजी महाराज के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद वीर बिग्गाजी मंदिर में धोक लगाकर आशीर्वाद लिया और सालासर के लिए प्रस्थान किया।

संघ के संचालक मुनीराम जाखड़ ने बताया कि पैदल यात्रियों के लिए रास्ते में चाय-नाश्ते, भोजन और मेडिकल सुविधाओं की उत्तम व्यवस्था की गई है। संघ शनिवार शाम को सालासर बालाजी के दरबार में पहुंचकर धोक लगाएगा और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करेगा। रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
गुरुवार को बालाजी मित्र मंडल संघ भी हुआ रवाना
सातलेरा गांव से गुरुवार को बालाजी मित्र मंडल पैदल यात्री संघ भी जयकारों के साथ सालासर के लिए रवाना हुआ। यात्रा से पहले श्रद्धालुओं ने बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी जीवनदास स्वामी ने पैदल यात्रियों को तिलक लगाकर ध्वजा सौंपी और शुभकामनाओं के साथ विदा किया। दोनों पैदल यात्री संघों के रवाना होने से गांव में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।






























