NEXT 17 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाल मैदान में शनिवार को बाल वाटिका मेले एवं डांडिया महोत्सव का आयोजन हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में सजकर पहुंचे और डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों को स्पेशल डाइट भी खिलाई गई।

पीएमश्री गतिविधि के तहत आयोजित बाल वाटिका मेले का नेतृत्व प्रभारी कविता जानू ने किया। वहीं, डांडिया महोत्सव सोमेंद्र बैंस एवं पुष्पा शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ। बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेले में खेल-खेल में सीखने और सामूहिक सहभागिता के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिला।
सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन जरूरी
उप प्राचार्य मदन कड़वासरा ने कहा कि पीएमश्री गतिविधियों के अंतर्गत बाल वाटिका के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। इनसे बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामाजिकता और सांस्कृतिक समझ विकसित होती है। कार्यक्रम में प्राचार्य नाजिम अजीज, उप प्राचार्य मदन कड़वासरा, दीपक चौधरी, राजवीरेंद्र सिंह, सुरभि पारीक, सुखराम रेगर सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों एवं सहयोगी स्टाफ का उत्साहवर्धन किया।































