तीसरे चरण में श्रीडूंगरगढ़, लूणकरणसर और रीड़ी पंचायत समितियों की 63 सीटों पर होगा चुनाव
NEXT 17 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायतराज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के निर्वाचन की प्रक्रिया सोमवार, 19 अक्टूबर से शुरू होगी। निर्वाचन के लिए लोक सूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इस चरण में श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति की 19, लूणकरणसर की 27 और रीड़ी पंचायत समिति की 17 सीटों सहित कुल 63 सदस्यों का चुनाव होगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन पत्र 23 अक्टूबर तक राजकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी। वहीं, 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित होगी।
यहां जमा होंगे नामांकन पत्र
श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर पंचायत समिति के सदस्यों के लिए नामांकन पत्र संबंधित उपखंड अधिकारी कार्यालय में जमा होंगे। वहीं, रीड़ी पंचायत समिति के सदस्यों के लिए रीड़ी के ग्राम पंचायत भवन में नामांकन प्रस्तुत करने की व्यवस्था की गई है।





























