धड़ देवली धाम पर अर्चना देवी एंड पार्टी ने भजनों से बांधा समां, सातलेरा के ग्रामीणों ने की चाय-नाश्ते और ठंडे पानी की निःशुल्क सेवा
NEXT 24 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। गौ रक्षक लोक देवता वीर बिग्गाजी महाराज के बिग्गा और रीड़ी स्थित धामों पर आयोजित दो दिवसीय वार्षिक मेले का शनिवार शाम अखंड ज्योत की पूर्णाहुति के साथ शांतिपूर्ण समापन हुआ। मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों और प्रांतों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने धोक लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की और खीर, पताशे, लड्डू व पेड़े का भोग लगाकर आशीर्वाद लिया।

जागरण में भजनों पर झूमे श्रद्धालु
वीर बिग्गाजी महाराज के शौर्यपीठ धड़ देवली धाम पर शुक्रवार रात संगीतमय विशाल जागरण हुआ। इसमें जानी-मानी भजन गायिका अर्चना देवी एंड पार्टी ने वीर बिग्गाजी महाराज के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। मेले के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में बने हवन कुंड में घी और खोपरे की आहुतियां देकर पर्यावरण शुद्धि की कामना की।
भंडारे में प्रसाद, दुकानों पर खरीदारी
मेले में वीर बिग्गाजी मानव सेवा संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मेले में लगी सैकड़ों अस्थायी दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला परिसर में जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात रहे।
रीड़ी के शीश देवली धाम पर भी उमड़ी भीड़
वीर बिग्गाजी महाराज के शीश देवली धाम रीड़ी में भी दो दिवसीय वार्षिक मेले का शनिवार शाम शांतिपूर्ण समापन हुआ। यहां दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर के पुजारी दुलीचंद तावनियां ने अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
सातलेरा के ग्रामीणों ने की श्रद्धालुओं की सेवा
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गांव सातलेरा के ग्रामीणों ने सेवा की मिसाल पेश की। ग्रामीणों ने बस स्टैंड पर बड़ा टेंट लगाकर निःशुल्क चाय, नाश्ते और ठंडे पानी की व्यवस्था की। इससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिली।
दो दिवसीय मेले के शांतिपूर्ण समापन पर मेला कमेटी ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों, ग्रामीणों, पुलिस प्रशासन, सेवादारों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।






























