धीरदेसर पुरोहितान में देर रात बदले चुनावी समीकरण, विधायक ताराचंद सारस्वत ने दुपट्टा पहनाकर किया स्वागत; पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में भाजपा को दिया समर्थन
NEXT 3 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के मतदान से पहले श्रीडूंगरगढ़ की सियासत में नया मोड़ आ गया। मतदान शुरू होने से ठीक पहले देर रात धीरदेसर पुरोहितान में कॉमरेडों के एक बड़े समूह ने भाजपा का दामन थाम लिया। विधायक ताराचंद सारस्वत की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम को चुनावी लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कॉमरेड समूह ने पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में भाजपा को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।

धीरदेसर पुरोहितान के कॉमरेड नेता किशनलाल मेघवाल, नारायण मेघवाल, चुनाराम, राकेश मेघवाल, नारायण, भंवरलाल सांसी और राजूराम सांसी सहित अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां विधायक ताराचंद सारस्वत ने सभी को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इस दौरान विधायक ने भाजपा की रीति-नीति और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
कॉमरेड समूह ने विधायक ताराचंद सारस्वत और भाजपा के विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ने की बात कही। साथ ही चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन देने का ऐलान किया। इस मौके पर धीरदेसर पुरोहितान के भाजपा सक्रिय कार्यकर्ता नारायण सिंह राजपुरोहित और श्रवण राजपुरोहित भी मौजूद रहे।
64 ग्राम पंचायतों में 227 बूथों पर मतदान
श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति के 19 और रीड़ी पंचायत समिति के 17 वार्डों के साथ जिला परिषद के वार्ड संख्या 35 से 41 तक कुल 7 वार्डों के लिए आज मतदान हो रहा है। चुनाव के लिए श्रीडूंगरगढ़ की 33 ग्राम पंचायतों में 123 तथा रीड़ी की 31 ग्राम पंचायतों में 104 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह दोनों क्षेत्रों की 64 ग्राम पंचायतों में कुल 227 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
मतदान के दिन कॉमरेडों के बड़े समूह का भाजपा में शामिल होना चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बन गया है। अब इस राजनीतिक घटनाक्रम का मतदान पर कितना असर पड़ेगा, इसका पता चुनाव परिणाम आने के बाद ही चलेगा।




















