हरीराम बाना ने जिला कलक्टर व एसडीएम को लिखा पत्र, राजस्व-कृषि विभाग की संयुक्त टीम से विशेष गिरदावरी करवाने की मांग
NEXT 15 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हाल ही में हुई बारिश से खेतों में कटी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों को राहत दिलाने के लिए राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष हरीराम बाना ने जिला कलक्टर एवं उपखंड अधिकारी को पत्र लिखकर विशेष गिरदावरी करवाने की मांग की है।
बाना ने पत्र में बताया कि किसान पहले से ही खेती की बढ़ती लागत और प्राकृतिक परिस्थितियों के चलते आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में कटी हुई फसलों को बारिश से हुए नुकसान ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है।
उन्होंने मांग की कि प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल खेतों का सर्वे करवाया जाए। साथ ही फसल खराबे का आकलन कर नियमानुसार किसानों को मुआवजा एवं पात्र किसानों को फसल बीमा क्लेम दिलवाया जाए। बाना ने जिला प्रशासन से किसानों की स्थिति को देखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की मांग की है।



















