NEXT 19 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। दोस्ती के भरोसे दिए गए फोटो और चेक कथित तौर पर जमीन हड़पने की साजिश का जरिया बन गए। श्रीडूंगरगढ़ में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर रजिस्ट्री करवाने के गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में अपर सेशन न्यायालय ने आरोपी दौलतराम घिंटाला की जमानत याचिका खारिज कर दी है।
अपर सेशन न्यायाधीश राजपाल सिंह ने पारित आदेश में मामले की गंभीरता और अनुसंधान लंबित होने को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया।
9 साल पुरानी दोस्ती, फिर जमीन के दस्तावेजों में धोखाधड़ी का आरोप
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, परिवादी ओमप्रकाश निवासी कालूबास की आरोपी दौलतराम से दोस्ती थी। करीब 9 साल पहले शराब ठेके की दुकान की लॉटरी के लिए फॉर्म भरवाने के नाम पर दौलतराम ने ओमप्रकाश से फोटो और कुछ चेक लिए थे। परिवादी का आरोप है कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है और केवल हस्ताक्षर करना जानता है। वर्ष 2019 में खरीदे गए भूखंड की मूल रजिस्ट्री भी दौलतराम के पास ही रह गई थी।
परिवादी के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि उसके भूखंड के संबंध में कथित फर्जी मुख्त्यारनामा तैयार कर 22 अगस्त 2024 को भंवरलाल को मुख्त्यार आम बनाकर रजिस्टर्ड विक्रय-पत्र के जरिए जमीन दौलतराम के नाम करवा ली गई। परिवादी ने आरोप लगाया कि मुख्त्यारनामा, इकरारनामा, बंधक पत्र और अन्य दस्तावेज कूटरचित तरीके से तैयार किए गए तथा उन पर उसके फर्जी हस्ताक्षर और फोटो का इस्तेमाल किया गया।
आरोपी की ओर से अधिवक्ता ने जमानत की पैरवी करते हुए इसे झूठा मामला बताया और कहा कि दस्तावेज परिवादी ने स्वयं निष्पादित करवाए थे तथा एनआई एक्ट के मामले में दबाव बनाने के लिए एफआईआर दर्ज करवाई गई है। वहीं राज्य की ओर से अपर लोक अभियोजक सोहननाथ सिद्ध ने आरोपों की गंभीरता के आधार पर जमानत का विरोध किया।
मामले का अनुसंधान अभी जारी होने और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने गुण-दोष पर कोई अंतिम टिप्पणी किए बिना जमानत याचिका खारिज कर दी।
17 नवंबर को मजिस्ट्रेट कोर्ट से भी खारिज हो चुकी थी जमानत
इससे पहले आरोपी की जमानत याचिका अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा 17 नवंबर को खारिज की जा चुकी थी। इसके बाद आरोपी ने अपर सेशन न्यायालय में जमानत याचिका पेश की थी, जिसे खारिज कर दिया गया।



















