ईरान का एयरस्पेस बंद होने से फ्लाइट वापस बुलानी पड़ी, यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान से भेजने की तैयारी
NEXT 13 जून, 2025। लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AIC129 शुक्रवार सुबह 5:39 बजे मुंबई से रवाना हुई, लेकिन तीन घंटे तक हवा में रहने के बाद इसे वापस मुंबई बुला लिया गया। एयर इंडिया ने बताया कि ईरान में मौजूदा हालात के चलते उसका हवाई क्षेत्र बंद हो गया है, जिससे कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स पर असर पड़ा है।
एयर इंडिया के मुताबिक, फ्लाइट ने जब मुंबई से उड़ान भरी थी, तब तक मार्ग सामान्य था। लेकिन उड़ान के दौरान ईरान के हवाई क्षेत्र में अचानक पाबंदियां लगने लगीं, जिसके चलते फ्लाइट को तय रूट से जाने की अनुमति नहीं मिली।
एयर इंडिया का बयान:
“यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाइट को वापस बुलाने का फैसला लिया गया। ईरान की मौजूदा स्थिति के चलते हमारी कुछ उड़ानों को डायवर्ट किया जा रहा है या रद्द किया जा रहा है।”
यात्रियों की परेशानी बढ़ी:
करीब तीन घंटे तक हवा में रहने के बाद फ्लाइट जब मुंबई लौटी, तो यात्रियों में चिंता का माहौल था। हालांकि, एयरलाइन ने यात्रियों को एयरपोर्ट पर सुविधाएं उपलब्ध कराईं और नई उड़ान की व्यवस्था की जा रही है।
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर
बता दें कि ईरान और उसके आसपास के क्षेत्रों में सैन्य तनाव बढ़ने के चलते कई देशों ने अपने विमानों को उस क्षेत्र से उड़ान भरने से रोका है। इससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शेड्यूल पर बड़ा असर पड़ रहा है।