NEXT 4 नवम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रीडूंगरगढ़ एडीजे कोर्ट में लंबे समय से रिक्त चल रहे एडीजे के पद पर अब स्थायी नियुक्ति हो गई है। राजपाल सिंह को यहां एडीजे के पद पर नियुक्त किया गया है। अब तक कोर्ट में कैम्प कोर्ट के माध्यम से न्यायिक कार्य संचालित हो रहा था।

एडवोकेट मोहनलाल सोनी ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ एडीजे कोर्ट में एडीजे का पद काफी समय से खाली चल रहा था। इसके चलते नियमित न्यायिक कार्यों के लिए कैम्प कोर्ट की व्यवस्था थी। बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट ललित कुमार मारू ने बताया कि एडीजे कृष्णकांत महीने में छह दिन कैम्प कोर्ट के लिए श्रीडूंगरगढ़ आते थे। अब उनका स्थानांतरण जयपुर हो गया है।
इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ न्यायालय परिसर में एडीजे कृष्णकांत का विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिसमें एसीजेएम अजीत सिंह राठौड़ सहित अधिवक्ताओं ने माला और साफा पहनाकर उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। स्थायी एडीजे की नियुक्ति से अब क्षेत्र के न्यायिक कार्यों के नियमित संचालन की उम्मीद जगी है।






















