बीकानेर जिले में 114.02 करोड़ रुपए के फसल बीमा क्लेम का भुगतान, प्रदेशभर में किसानों को मिले 345 करोड़ रुपए
NEXT 30 अक्टूबर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। दीपावली पर जिले के किसानों को फसल बीमा क्लेम के रूप में बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लंबे समय से लंबित दावों का भुगतान शुरू होने से किसानों को आर्थिक संबल मिला है। बीकानेर जिले में कुल 114.02 करोड़ रुपए की क्लेम राशि किसानों को हस्तांतरित की गई है। इसमें श्रीडूंगरगढ़ तहसील के किसानों को सबसे अधिक 30.98 करोड़ रुपए मिले हैं। यहां के 14,917 किसानों के खातों में बीमा क्लेम की राशि पहुंचाई गई है।
संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार रबी 2025-26 में सूखे से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए अधिसूचित बीमा कंपनी एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के माध्यम से करीब 114.02 करोड़ रुपए के दावों का भुगतान करवाया गया है।
श्रीडूंगरगढ़ में 14,917 किसानों को मिला लाभ
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत के अनुसार तहसीलवार भुगतान में श्रीडूंगरगढ़ के 14,917 किसानों को 30.98 करोड़ रुपए, लूणकरणसर के 17,753 किसानों को 29.08 करोड़ रुपए, छतरगढ़ के 9,921 किसानों को 25.39 करोड़ रुपए तथा नोखा के 4,486 किसानों को 15.81 करोड़ रुपए का क्लेम दिया गया है। वहीं बज्जू, बीकानेर, हदां, जसरासर, खाजूवाला, कोलायत और पूगल तहसीलों के किसानों को कुल 12.83 करोड़ रुपए हस्तांतरित किए गए हैं।
प्रदेश के किसानों को मिले 345 करोड़ रुपए
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशभर में करीब 345 करोड़ रुपए के लंबित फसल बीमा दावों का भुगतान किया है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सूखे और प्रतिकूल मौसम से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। किसानों की आय की सुरक्षा और कृषि जोखिमों को कम करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।





















