NEXT 15 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। राजनीतिक व्यक्तित्वों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने अलग-अलग कार्यक्रमों में तिरंगे को सलामी देकर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। कहीं राष्ट्र प्रथम का संकल्प दिलाया गया तो कहीं विद्यार्थियों को देशहित में आगे बढ़ने की सीख दी गई। सामाजिक संगठनों ने समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
विधायक ने निवास पर तिरंगे को दी सलामी
विधायक ताराचन्द सारस्वत ने अपने निवास पर तिरंगे को सलामी देकर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने प्रदेश के मुखिया के साथ राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की।
शिशु भारती स्कूल में भ्रष्टाचार मुक्त भारत का आह्वान
शिशु भारती स्कूल में आरीफ चुनगर ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान सलीम चुनगर, जाकिर हुसैन एवं प्रधानाध्यापक सुभाष सिद्ध बाना मौजूद रहे। प्रधानाध्यापक बाना ने देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक से अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
मदर केडी संस्थान में विद्यार्थियों को देशहित की सीख
मदर केडी उच्च माध्यमिक शिक्षण संस्थान में निदेशक प्यारेलाल ढूकिया ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
भीम आर्मी की इकाइयों ने दिया समानता का संदेश
भीम आर्मी एकता मिशन की श्रीडूंगरगढ़ तहसील की लालासर ग्राम इकाई के स्वतंत्रता दिवस समारोह में अध्यक्ष केवलचन्द, महासचिव ओमप्रकाश मेहरा सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और उनके त्याग को याद किया।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन बीके श्रीडूंगरगढ़ के तहसील अध्यक्ष लालचंद गोयल ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं उदरासर इकाई की ओर से सामाजिक समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया।




































