NEXT 12 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा शनिवार को बीकानेर मंडल के श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचे। महाप्रबंधक बीकानेर से निरीक्षण कार (SPIC) के जरिए ट्रैक, सिग्नल सहित रेलवे व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। स्टेशन पर उन्होंने विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का लेवल ऊंचा करने और प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। यात्रियों और आमजन की सुविधा को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।
यात्रियों के लिए शेड और स्टाफ बढ़ाने की मांग
निरीक्षण के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सुमेरमल सिंघी ने महाप्रबंधक पंकज शर्मा के समक्ष यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए शेड का निर्माण करवाने तथा रेलवे स्टेशन पर स्टाफ बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संख्या और स्टेशन की आवश्यकताओं को देखते हुए सुविधाओं में विस्तार जरूरी है।
वहीं रेल सेवा संघर्ष समिति श्रीडूंगरगढ़ की ओर से तोलाराम मारू ने भी महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की रेल सुविधाओं और समस्याओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर बीकानेर मंडल के डीआरएम गौरव गोहिल भी मौजूद रहे। गुडलक कुरियर के हनुमान मल श्यामसुखा ने महाप्रबंधक पंकज शर्मा का स्वागत किया। निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक श्रीडूंगरगढ़ से रतनगढ़ और चूरू रेलवे स्टेशनों के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए।






















