NEXT 24 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। प्री-मानसून की झमाझम बारिश ने श्रीडूंगरगढ़ अंचल के किसानों के चेहरे खिला दिए हैं। लगातार हो रही बरसात से खेतों में हरियाली नजर आने लगी है और किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य तेज कर दिया है। बुधवार को जैतासर, सातलेरा, बिग्गा, तोलियासर सहित आसपास के कई गांवों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

सातलेरा के किसान कमल कुमार जाखड़ ने बताया कि पर्याप्त बारिश होने से किसानों ने मोठ, बाजरा, ग्वार और मूंग की बुवाई शुरू कर दी है। वहीं मूंगफली की फसल के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित होगी। किसानों का कहना है कि समय पर हुई वर्षा से इस बार बुवाई समय पर शुरू हो गई है, जिससे अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ी है।
बारिश के बाद मौसम का मिजाज भी पूरी तरह बदल गया है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है।
हालांकि, लगातार बारिश के कारण कई गलियों और निचले इलाकों में पानी भर गया है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है और आसमान में काले बादलों का डेरा बना हुआ है। किसानों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में भी अच्छी बारिश होने से खेती-किसानी के कार्यों को और मजबूती मिलेगी।





















