सेरूणा, पूनरासर, सातलेरा व बिग्गा सहित कई गांवों में बरसे बादल, किसानों बोले- अब अच्छी पैदावार की जगी उम्मीद
NEXT 23 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में इंद्रदेव मेहरबान हुए। क्षेत्र के कई गांवों में हुई अच्छी बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण सूखने की कगार पर पहुंच चुकी खरीफ फसलों को इस बरसात से नया जीवन मिला है। किसानों का कहना है कि यह बारिश समय पर हुई है और फसलों के लिए किसी अमृत वर्षा से कम नहीं है।

किसान गौरीशंकर तावनियाँ ने कहा कि लगातार बारिश के अभाव में बाजरा, ग्वार, मूंग और मोठ की फसलें प्रभावित हो रही थीं। वहीं सिंचित खेती करने वाले किसान भी बढ़ते तापमान और नमी की कमी से चिंतित थे। ऐसे में हुई बारिश ने फसलों को संजीवनी देने का काम किया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यदि आने वाले दिनों में भी बारिश का क्रम बना रहा तो खरीफ फसलों के उत्पादन में अच्छा इजाफा हो सकता है।
सातलेरा के किसान कमल कुमार जाखड़ और आशाराम ने बताया कि इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी और फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। सेरूणा के किसान जगदीश नाथ तथा बिग्गा के किसान बनवारीलाल जवरिया ने कहा कि बारानी खेती के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक साबित होगी, जबकि सिंचित फसलों को भी इसका भरपूर फायदा मिलेगा।
गुरुवार को सेरूणा, पूनरासर, सातलेरा, बिग्गा सहित श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के अनेक गांवों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद खेतों में हरियाली लौटने की उम्मीद के साथ किसानों ने राहत की सांस ली है। अब सभी की निगाहें आगामी दिनों के मौसम पर टिकी हैं।
























