NEXT 26 मई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मरुधरा की सांस्कृतिक चेतना और साहित्यिक परंपरा के गौरवशाली केंद्र श्रीडूंगरगढ़ में 145वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आज मंगलवार 26 मई की रात काव्य का भव्य उत्सव सजने जा रहा है। श्रीडूंगरगढ़ स्थापना दिवस समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित विराट कवि सम्मेलन में देश के ख्यातनाम कवि अपनी ओजस्वी, हास्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे।
कार्यक्रम रात्रि 8:30 बजे पेड़ीवालजी का नोहरा, बैंक ऑफ बड़ौदा वाली गली में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर पूरे कस्बे में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
समिति के अनुसार सम्मेलन में राष्ट्रीय कवि चिराग जैन, राजस्थानी हास्य कवि हरीश हिंदुस्तानी, डॉ. सपना सोनी, गजेंद्र कविया तथा छैलू चारण ‘छैल’ अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। ओज, व्यंग्य, हास्य और लोक संस्कृति से सजी यह कवि संध्या स्थापना दिवस समारोह को यादगार बनाने वाली मानी जा रही है।
कार्यक्रम को राजस्थान गौरव भीखमचन्द पुगलिया एवं सुशीला पुगलिया के आर्थिक सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
स्थापना दिवस समारोह समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ केवल व्यापारिक पहचान ही नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत, साहित्य प्रेम और सामाजिक एकता के लिए भी प्रदेशभर में विशेष पहचान रखता है। स्थापना दिवस पर आयोजित यह विराट कवि सम्मेलन उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
प्रवासी श्रीडूंगरगढ़वासियों और काव्य प्रेमियों के लिए कार्यक्रम का लाइव प्रसारण NEXT न्यूज़ के फेसबुक पेज तथा श्री भक्ति सागर श्रीडूंगरगढ़ के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।




















