NEXT 26 जुलाई, 2026 श्रीडूंगरगढ़। श्रावण मास के शुभारंभ के साथ बिग्गा बास स्थित श्री गणेशजी मंदिर, शिवदयाला प्रांगण में 29 जुलाई से 4 सितंबर (श्रीकृष्ण जन्माष्टमी) तक धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला शुरू होगी। प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का संगीतमय कीर्तन होगा। इसके बाद भगवान शिव की आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन शाम 7:30 बजे संध्या आरती का आयोजन होगा।
आयोजकों ने बताया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान भोलेनाथ का अलग-अलग भव्य श्रृंगार किया जाएगा। श्रृंगार दर्शन के बाद रात 8 बजे महाआरती होगी तथा कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजनों की संगीतमय संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
इसके अलावा प्रत्येक शनिवार रात 9 बजे से स्थानीय विभिन्न वाचक मंडलियों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन लगातार 4 सितंबर तक जारी रहेगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से श्रावण मास के दौरान आयोजित संकीर्तन, भजन संध्या, महाआरती एवं सुंदरकांड पाठ में परिवार सहित पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया है।




















