NEXT 15 अगस्त, 2026 श्रीडूंगरगढ़। स्वतंत्रता दिवस के महापर्व पर शनिवार को पूरा श्रीडूंगरगढ़ देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। सरकारी और राजनीतिक कार्यालयों से लेकर सामाजिक भवनों और घरों तक ध्वजारोहण किया गया। हाथों में तिरंगा थामे लोगों के चेहरों पर आजादी के पर्व का उत्साह और गर्व साफ दिखाई दिया।
कोर्ट परिसर में पौधरोपण कर दिया हरित स्वातंत्र्य का संदेश: ध्वजारोहण के बाद कोर्ट परिसर में पौधरोपण किया गया। एसीजेएम अजीत सिंह राठौड़ और बार संघ अध्यक्ष ललित कुमार ने अधिवक्ताओं के साथ पौधे लगाए। इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण के साथ भावी पीढ़ी को हरित और स्वस्थ भारत का संदेश दिया गया।
प्रजापति छात्रावास में एकता का संकल्प: प्रजापति छात्रावास में समाज के वरिष्ठजन रामचन्द्र प्रजापत सहित समाज के गणमान्य लोगों ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान समाज में आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कांग्रेस कार्यालय में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प: कांग्रेस कार्यालय में पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और देश की अखंडता की रक्षा का संकल्प लिया।
स्कूल में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण का संदेश: श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल में प्रिंसिपल कांतिप्रकाश दर्जी और अतिथि अजीत कुमार पुगलिया ने ध्वजारोहण किया। कांति कुमार दर्जी ने विद्यार्थियों से ज्ञानार्जन, स्वास्थ्य और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
घर-घर में तिरंगा, बच्चों की आंखों में भविष्य के सपने: स्वतंत्रता दिवस का उत्साह कस्बे के घरों में भी नजर आया। महिलाओं ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति का जज्बा दिखाया। वहीं मासूम बच्चे लहराते तिरंगे को निहारते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य के सपनों में रंग भरते नजर आए।







































