NEXT 5 जून, 2026 श्रीडूंगरगढ़। जिले की 191 पात्र गौशालाओं को वित्तीय वर्ष 2025-26 के द्वितीय चरण (अक्टूबर 2025 से मार्च 2026) के लिए 72 करोड़ 85 लाख 44 हजार 750 रुपए के अनुदान का अनुमोदन किया गया है। शुक्रवार को जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला गोपालन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक एवं समिति के सदस्य सचिव डॉ. बिरमा राम ने बताया कि जिले की 191 पात्र गौशालाओं में संरक्षित 73 हजार 413 बड़े तथा 15 हजार 154 छोटे गौवंश के लिए अनुदान स्वीकृत किया गया है। इस प्रकार जिले के 88 हजार 567 गौवंश को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से बड़े गौवंश के लिए 50 रुपए प्रतिदिन तथा छोटे गौवंश के लिए 25 रुपए प्रतिदिन की दर से अनुदान दिया जाता है। इसी आधार पर छह माह की अवधि के लिए अनुदान राशि का निर्धारण किया गया है।
जल्द जारी होगी प्रशासनिक स्वीकृति
बैठक में जिला कलेक्टर निशांत जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुमोदित प्रस्तावों की प्रशासनिक स्वीकृति तत्काल जारी की जाए तथा अनुदान राशि शीघ्र गौशालाओं तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि इससे गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़ी गतिविधियां बिना किसी बाधा के संचालित हो सकेंगी।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, कोषाधिकारी धीरज जोशी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदन लाल, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बिरमा राम, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर.पी. चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



















