श्रीडूंगरगढ़ में 441 ब्लॉकों में होगा सर्वे, 1 मई से खुद भी भर सकेंगे जानकारी
NEXT 14 अप्रैल, 2026 श्रीडूंगरगढ़। देश में जनगणना को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। 16 मई से 14 जून 2026 तक जनगणना का पहला चरण शुरू होगा, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। खास बात यह है कि यह स्वतंत्र भारत की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना होगी।
तहसीलदार एवं जनगणना चार्ज अधिकारी श्रीवर्द्धन शर्मा ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में जनगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 441 मकान सूचीकरण ब्लॉक बनाए गए हैं और प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक तैनात किया गया है, जो घर-घर जाकर जानकारी जुटाएगा।
700-800 आबादी पर एक ब्लॉक
जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार 700 से 800 जनसंख्या या 150 से 180 मकानों के आधार पर ब्लॉक बनाए गए हैं, जिससे सर्वे का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके।
अब घर बैठे खुद कर सकेंगे जनगणना
उपखंड जनगणना अधिकारी शुभम शर्मा ने बताया कि इस बार आमजन को भी बड़ी सुविधा दी गई है। 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक स्वयं अपनी स्व-जनगणना (Self Enumeration) कर सकेंगे।
इसके लिए पोर्टल http://se.census.gov.in जारी किया गया है, जो 14 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।
रेफरेंस नंबर से होगा सत्यापन
ऑनलाइन जानकारी भरने के बाद एक रेफरेंस नंबर मिलेगा। घर-घर आने वाले प्रगणक को यह नंबर बताना होगा, जिसे वे अपने HLO ऐप के माध्यम से सत्यापित करेंगे।
339 प्रगणक और 76 सुपरवाइजर तैनात
जनगणना कार्य के लिए क्षेत्र में 339 प्रगणक, 76 पर्यवेक्षक और 8 फील्ड ट्रेनर लगाए गए हैं। सभी को मई के पहले सप्ताह में प्रशिक्षण दिया जाएगा।



















