NEXT 21 अगस्त, 2026 मुंबई। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई की ओर से गुरुवार को महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी में सार संभाल यात्रा के तहत संगठन यात्रा आयोजित की गई। कार्यक्रम शासनश्री साध्वी कंचनप्रभा, शासनश्री साध्वी मंजूरेखा एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के सान्निध्य में हुआ। इस दौरान युवाओं ने संगठन की सक्रियता और आगामी सेवा कार्यों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में अभातेयुप राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (द्वितीय) अभिनंदन नाहटा, महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश जोनल कॉर्डिनेटर कमलेश भंसाली, शाखा प्रभारी एवं राष्ट्रीय किशोर मंडल प्रभारी मयंक धाकड़ सहित पदाधिकारी मौजूद रहे। नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से कार्यक्रम शुरू हुआ। नितेश धाकड़, दर्शन डागलिया, पूरण चपलोत एवं मिखिल डागलिया ने विजय गीत प्रस्तुत किया।
तेयुप दक्षिण मुंबई अध्यक्ष सुमित सुराणा ने स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संघ से जोड़ना और उनमें संस्कारों का निर्माण करना है। उन्होंने आगामी नेत्रदान पखवाड़ा और मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव समेत विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। मंत्री श्रेयांस मुणोत ने वर्ष 2026 में अब तक हुए कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया।
किशोर मंडल संयोजक आर्यन निम्जा ने किशोर मंडल की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। परिषद की सक्रियता की अभातेयुप पदाधिकारियों ने सराहना की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनंदन नाहटा ने युवाओं से सेवा, संस्कार और संगठन के कार्यों को गति देने का आह्वान किया।
नेत्रदान और रक्षाबंधन कार्यशाला के बैनर का अनावरण
सार संभाल यात्रा के दौरान आगामी सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। नेत्रदान पखवाड़ा एवं जैन संस्कार विधि आधारित रक्षाबंधन कार्यशाला के बैनर का अनावरण किया गया। इस अवसर पर अभिनंदन नाहटा ने तेयुप दक्षिण मुंबई अध्यक्ष सुमित सुराणा को अभातेयुप के विशेष बैज से अलंकृत किया।
तेरापंथी सभा दक्षिण मुंबई अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया, निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश डागलिया, महिला मंडल अध्यक्षा लतिका डागलिया एवं आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़ ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन मंत्री श्रेयांस मुणोत ने किया तथा आभार कोषाध्यक्ष रौनक धाकड़ ने जताया। यह जानकारी तेयुप दक्षिण मुंबई उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।
























