रामदेवरा पदयात्रा से लौटे द्वारकाधीश रूणिचा पैदल यात्री संघ के पदयात्रियों ने सेवा समिति को सौंपी सहयोग राशि
NEXT 22 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। रामदेवरा पदयात्रा से सकुशल लौटने के बाद वर्षों से चली आ रही गोठ-जीमण की परंपरा को द्वारकाधीश रूणिचा पैदल यात्री संघ के पदयात्रियों ने बदलते हुए जीव सेवा का संकल्प लिया। संघ की ओर से इस बार पदयात्रियों व अन्य लोगों के लिए प्रसाद स्वरूप गोठ-जीमण आयोजित करने के बजाय 51 हजार रुपए की सहयोग राशि आपणों गाँव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति को सौंपी गई।
यह राशि गौमाता, वन्यजीवों और पक्षियों के लिए जल व चुग्गा सेवा में उपयोग की जाएगी। संघ के पदयात्रियों ने पदयात्रा के दौरान ही इस वर्ष भी जीव सेवा के लिए सहयोग देने का संकल्प लिया था।
संघ की ओर से बताया गया कि पिछले दो वर्षों से गोठ-जीमण की परंपरा के स्थान पर जीव सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पहले संघ द्वारा 31 हजार और 41 हजार रुपए की सहयोग राशि दी गई थी। इस वर्ष सेवा राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपए की गई है। समिति के पदाधिकारियों व सेवादारों ने संघ के सभी पदाधिकारियों और पदयात्रियों का आभार जताया।



















