साध्वी लक्ष्यप्रभा बोलीं- सेवा के ऐसे उपक्रम चलते रहें, ताकि आधि-व्याधि और उपाधि से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो
NEXT 21 सितम्बर, 2026 श्रीडूंगरगढ़। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में तुलसी सेवा संस्थान में एक और विस्तार हुआ है। सोमवार सुबह संस्थान परिसर में नवनिर्मित 7 ओपीडी कक्ष और एक कार्यालय कक्ष का उद्घाटन किया गया। जैन विधि-विधान से पूजन के बाद चिकित्सा विभाग के अधिकारियों एवं अतिथियों ने फीता काटकर नए कक्षों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में साध्वी लक्ष्यप्रभा ने कहा कि तुलसी सेवा संस्थान में चिकित्सा के साथ सेवा की भावना भी निरंतर आगे बढ़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि आधि, व्याधि और उपाधि से मुक्त करने के लिए सेवा के उपक्रम लगातार चलते रहने चाहिए।
संस्थान अध्यक्ष एवं राजस्थान गौरव भीखमचंद पुगलिया तथा श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा अध्यक्ष सुशीला देवी पुगलिया ने जैन विधि से पूजन संपन्न करवाया। संस्थान की ओर से पुगलिया दंपती का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। भीखमचंद पुगलिया ने कहा कि तुलसी सेवा संस्थान अपने नाम के अनुरूप सेवा को प्राथमिकता देने वाली संस्था है और इसका उद्देश्य सदैव जनकल्याण रहा है। सुशीला पुगलिया ने संस्थान की सेवा गतिविधियों में निरंतर सहयोग एवं तत्परता का भरोसा दिलाया।
चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
मुख्य अतिथि चिकित्सा विभाग के उपनिदेशक डॉ. राहुल हर्ष और नि:शुल्क दवा योजना के प्रभारी अधिकारी डॉ. नवल गुप्ता ने नए ओपीडी कक्षों का उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सेवाओं की सराहना की और व्यवस्थाओं को देखा।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के सूर्यप्रकाश गांधी ने अतिथियों, चिकित्सकों, स्टाफ एवं उपस्थितजनों का आभार जताया।
लोकार्पण समारोह में डॉ. राजीव सोनी, डॉ. विकास पारीक, डॉ. एनपी मारू, डॉ. राजकुमार सुथार, डॉ. गौरव सिंघल, डॉ. रामानंद सिद्ध, डॉ. प्रीति अग्रवाल, डॉ. प्रवीण गुप्ता, डॉ. जहांगीर, डॉ. अरिहंत बैद सहित मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। इसके अलावा मालचंद सिंघी, विजयराज सेठिया, नागरिक विकास परिषद अध्यक्ष तुलसीराम चौरड़िया, विमल पुगलिया, मधु झाबक, रतनलाल दुगड़, महेंद्र कुमार मालू, पांचीलाल सिंघी, राजकरण तातेड़, कमल पुगलिया, निर्मल पुगलिया, तेरापंथ सभा मंत्री प्रदीप पुगलिया, प्रमोद बोथरा, तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू, चमन श्रीमाल, सत्यनारायण स्वामी, साहित्यकार श्याम महर्षि, चेतन स्वामी, महावीर माली, तोलाराम मारू, श्रीगोपाल राठी सहित तेयुप सदस्य, महिला मंडल सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।





























